हर व्यक्ति की समस्या का प्राथमिकता से करें निस्तारण – जिला कलक्टर
बालोतरा। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने शुक्रवार को भाखरसर एवं थुंबली ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिविर में चल रहे विभिन्न कार्यों का फीडबैक लिया और लाभार्थियों को पट्टा तथा बीमा पॉलिसी वितरित की।
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने शिविर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से शिविर की प्रगति और ग्रामीणों को अब तक प्रदान की गई सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर कहा कि राज्य सरकार ने हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए यह अभियान शुरू किया है। उन्होंने अधिकारियों को राज्य सरकार की इसी मंशा को ध्यान में रखते हुए शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं एवं जरूरी सुविधाओं के माध्यम से अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए। हर व्यक्ति की समस्या का प्राथमिकता से निस्तारण करें।
श्री यादव ने इस दौरान लाभार्थियों से बातचीत कर शिविर में मिल रहे लाभ और जनकल्याणकारी योजनाओं की क्रियान्विति का फीडबेक लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं का निस्तारण गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों के साथ होना चाहिए, ताकि जनता का विश्वास प्रशासन पर और मजबूत हो।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।










