बालोतरा से अरविंद थोरी की रिपोर्ट:-
बालोतरा। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की जन कल्याणकारी पहल ग्रामीण सेवा शिविर-2025 के तहत आज ग्राम पंचायत लालाणा में आयोजित शिविर ने राजस्व और सामाजिक सुरक्षा के मामलों का निस्तारण किया। शिविर में एक ही दिन में 84 स्वामित्व कार्ड और 38 नए पट्टे जारी किए गए।
लालाणा ग्राम पंचायत में आयोजित इस ग्रामीण सेवा शिविर में प्रशासनिक टीम ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए लम्बित मामलों को हाथों-हाथ निपटाया। शिविर में कुल 84 लाभार्थियों को उनके भूखंडों के स्वामित्व कार्ड प्रदान किए गए, जिससे उन्हें कानूनी अधिकार प्राप्त हुआ। 4 सरकारी भवनों और 34 व्यक्तिगत भूखंडों के लिए कुल 38 नए पट्टे जारी किए गए। 18 व्यक्तियों को मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना से लाभान्वित किया गया, जिससे उन्हें वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा मिली।
14 लम्बित बंटवारों को आपसी सहमति से निपटाया गया। 70 राजस्व खातों में नाम या विवरण संबंधी शुद्धिकरण का कार्य हाथों-हाथ पूरा किया गया।
लालाणा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने एक ही छत के नीचे इतनी बड़ी संख्या में राजस्व और सामाजिक सुरक्षा संबंधी समस्याओं के निस्तारण पर राजस्थान सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। राजस्व और ग्रामीण विकास विभाग की तत्परता से गाँव के कई वर्षों पुराने मामले हल हुए हैं, जिससे किसानों और गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का रास्ता साफ हो गया है।
