कोटा: चित्तौड़गढ़- सोमवार सुबह कोटा-चित्तौड़ हाईवे पर खड़ीपुर गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोटा से चित्तौड़गढ़ जा रही एक प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायलों का उपचार जारी है। ग्रामीणों ने की राहत और बचाव में मदद बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। उन्होंने खिड़कियां तोड़कर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और तुरंत एम्बुलेंस व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है..
लगातार बस हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे
> मुख्य बिंदु
- सड़क सुरक्षा पर सवाल: रोजाना होने वाले बस हादसे देश में सड़क सुरक्षा की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
- लापरवाह ड्राइविंग: अधिकतर केस में तेज़ रफ़्तार और ड्राइवर की लापरवाही प्रमुख कारण बनते हैं।
- वाहनों की खराब हालत: कई निजी बसें नियमित सर्विसिंग के बिना ही सड़क पर दौड़ती हैं।
- सड़कें और इन्फ्रास्ट्रक्चर: टूटी सड़कें, खराब मोड़, और उचित संकेतों की कमी भी दुर्घटनाओं में अहम भूमिका निभाती है।
- जनजागरूकता की कमी: ज्यादा स्पीड और ड्राइवर की थकान जैसी बातों को लेकर जागरूकता की कमी है।

