सिवाना से अरविंद थोरी की रिपोर्ट:-
सुशासन दिवस पर समदड़ी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम
बालोतरा। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 12 दिसंबर से प्रारम्भ हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आज समापन हुआ। इस अवसर पर समदड़ी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने अपने संबोधन में पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101 वीं जयंती पर विकास कार्यों का लेखा-जोखा रखते हुए राज्य सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियां गिनाई।
उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हो रहे कार्यों की सराहना की। विधायक भायल ने बताया कि सिवाना और समदड़ी क्षेत्र में सड़कों के जाल बिछाने के लिए अभूतपूर्व काम हुआ है। विधानसभा क्षेत्र में लगभग 298 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का काम चल रहा है। इसमें पादरु से बालोतरा, सिवाना से समदड़ी, और बालोतरा से रामपुरा जैसी प्रमुख सड़कें शामिल हैं। समदड़ी में 3 करोड़ रुपये की लागत से ‘अटल पथ’ का निर्माण किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के समय एक ही आदेश से 5,357 स्कूलों को क्रमोन्नत कर शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाया गया था। किसानों के हितों की चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि मोदी सरकार ने बिना मांगे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के रूप में प्रतिवर्ष 6,000 रुपये देने का काम किया है, जिसमें राजस्थान सरकार ने 1,000 रुपये प्रतिवर्ष अतिरिक्त जोड़कर इसे और सशक्त बनाया। राजस्थान आज भारत में सौर ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी राज्य बन गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ज्योति योजना के तहत बाड़मेर जिले में 6 लाख से अधिक नए बिजली कनेक्शन जारी किए गए, जिससे ढाणियों तक रोशनी पहुंची। कुसुम योजना के तहत बालोतरा जिले के लिए 98 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। सरकार वर्तमान में आंगनवाड़ी के माध्यम से सर्वे करा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पालनहार, विधवा पेंशन और विकलांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को मिल रहा है या नहीं।
अपने संबोधन के अंत में विधायक ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि आज का भारत डरने वाला भारत नहीं है। उन्होंने तीसरी बार विधानसभा भेजने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने पट्टा वितरण, पीएम स्वनिधि योजना, अनापत्ति प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र वितरित किए, साथ ही स्वच्छता मित्रों का सम्मान भी किया।
कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी संस्था की पूजा दीदी एवं उपस्थित मंचाशीन अतिथियों द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशा मुक्त समाज की शपथ दिलाई गई। साथ ही आमजन ने सुशासन दिवस के अवसर पर सुशासन, पारदर्शिता की भी शपथ ली।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, रथ प्रभारी महेश बी चौहान, जिला प्रभारी करण सिंह राजपुरोहित, कानसिंह कोटडी, गोविंद सिंह कालुड़ी ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए राज्य सरकार के दो वर्षों एवं पिछली सरकार के पांच वर्षों में हुए कार्यों से अवगत करवाते हुए कहा कि आजादी के बाद यह प्रथम सरकार है जिसने अपने संकल्प पत्र के 70 प्रतिशत वादें केवल दो वर्षों में ही पूर्ण कर लिए है। इस डबल इंजन की सरकार में सिवाना क्षेत्र में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी आमजन को कपड़े के थैले का वितरण कर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का आह्वान किया गया।
इस दौरान जिला स्तरीय कार्यक्रम में पूर्व विधायक कानसिंह कोटडी, उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत, बाबूसिंह राजगुरु स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी, बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
