राज्य सरकार के निर्देशानुसार चल रहे सेवा पखवाड़े के अंतर्गत शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों में लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में लोगों को लाभान्वित किया गया है।
जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए शिविरों में 56 दिव्यांगजनों को तत्काल यूडीआईडी कार्ड वितरित किए गए। 415 लोगों को संयुक्त सहायता उपकरण योजना के तहत सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया। चिन्हित किए गए लोगों में से 134 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिससे उनके जीवन को सुगम बनाने में मदद मिली है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं में लाभार्थियों को त्वरित लाभ प्रदान किया गया है। पालनहार योजना योजना के तहत 2,187 बच्चों का वार्षिक सत्यापन पूरा किया गया, जिससे उन्हें नियमित सहायता मिलती रहेगी साथ ही, 32 नवीन पालनहारों को योजना से जोड़ा गया है मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 20 नवीन आवेदन कराए गए हैं, जिनमें से 17 की स्वीकृति जारी कर दी गई है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में जिले में 99.60 प्रतिशत लाभार्थियों का वार्षिक सत्यापन पूरा कर लिया गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है सत्यापन के साथ ही 247 नवीन पेंशनें जारी की गई हैं, जिससे जरूरतमंदों को नियमित आर्थिक संबल मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में वंचित तथा जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
