बालोतरा से अरविंद थोरी की रिपोर्ट –
असाडा/बालोतरा। “यह कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि मेरे और मेरे परिवार के सुरक्षित भविष्य का आधार है।” – इन शब्दों के साथ असाडा के निवासी, स्वरूपा राम दमामी ने राजस्थान सरकार के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त किया। वर्षों से एक पक्के घर का सपना संजोए स्वरूपा राम दमामी के जीवन में आज एक ऐतिहासिक दिन आया, जब उन्हें ‘सेवा पर्व पखवाड़े’ के अंतर्गत आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में उनके आवासीय भूखंड का स्वामित्व कार्ड/पट्टा प्रदान किया गया।
स्वरूपा राम दमामी के लिए आर्थिक तंगी के कारण अपना घर बनाना हमेशा एक दूर की कौड़ी रहा। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं के प्रति उनका विश्वास हमेशा से रहा है। पहले उन्हें खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिला, जिसने उनके परिवार को बड़ा सहारा दिया और यह उम्मीद जगाई कि सरकार गरीबों की मदद के लिए हमेशा तत्पर है।
आज, जब उन्हें उनके भूखंड का स्वामित्व कार्ड मिला, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यह पट्टा केवल एक कागज़ का टुकड़ा नहीं, बल्कि उनके और उनके परिवार के लिए सुरक्षित भविष्य, सम्मान और आत्मविश्वास का प्रतीक बन गया है।
स्वरूपा राम दमामी ने इस खुशी के अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का तह-ए-दिल से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में सरकार की यह पहल, उनके जैसे हज़ारों गरीब परिवारों के लिए ‘राम-राज्य’ के समान है।
