‘विश्व स्मरण दिवस’ के अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं में असमय काल कवलित हुए नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बालोतरा शहर में एक भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला परिवहन विभाग बालोतरा, पुलिस विभाग, कृष्णा सेवा संस्थान, और बालोतरा सड़क सुरक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में कन्या महाविद्यालय और घंटाघर के पास यह कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत आत्माओं को पुष्पांजलि अर्पित कर अपने श्रद्धा-सुमन व्यक्त किए।
जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत ने ‘विश्व स्मरण दिवस’ के इतिहास और इसकी वर्तमान प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए राज्य सड़क सुरक्षा दिवस पर सड़क दुर्घटनाओं में मृत नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस उप अधीक्षक अनिल पुरोहित ने भी पुष्प अर्पित कर मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में परिवहन निरीक्षक पुष्पेंद्र शर्मा, कृष्णा सेवा संस्थान के संस्थापक संरक्षक पारस भंडारी, संस्थान अध्यक्ष धर्मेंद्र दवे, पूर्व सभापति महेश चौहान, यातायात एएसआई पप्पाराम, सड़क सुरक्षा समिति के गौतम गहलोत, आनंद दवे, प्रदीप चावला, अमरसिंह गोदारा, जवेरीलाल सहित कृष्णा सेवा संस्थान के पदाधिकारी, यातायात पुलिसकर्मी और परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल सदस्य उपस्थित रहे।
‘राज्य सड़क सुरक्षा दिवस’ और ‘विश्व स्मरण दिवस’ के मौके पर कृष्णा सेवा संस्थान द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम और हेलमेट वितरण का आयोजन किया गया।
पुलिस उप अधीक्षक अनिल पुरोहित, डीटीओ भगवान गहलोत, कृष्णा सेवा संस्थान के धर्मेंद्र दवे, पारस भंडारी और अन्य गणमान्य जनों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम हुआ। इस दौरान हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे नागरिकों को सम्मान स्वरूप मोतियों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को सद्भावपूर्वक समझाइश दी गई और उन्हें हेलमेट वितरित किए गए। कृष्णा सेवा संस्थान के सभी सदस्यों ने इस अवसर पर हमेशा हेलमेट पहनने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का प्रण लिया।
डीटीओ गहलोत ने सभी नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
सड़क दुर्घटना पीड़ितों को श्रद्धांजलि, ‘विश्व स्मरण दिवस’ पर बालोतरा में हेलमेट वितरण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
