बालोतरा, 18 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राजस्थान में शुरू किए गए ग्रामीण सेवा शिविर-2025 के तहत आज सिणधरी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत भाटा में शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में सामाजिक सुरक्षा के साथ-साथ वर्षों से लंबित राजस्व संबंधी मामलों का भी त्वरित निस्तारण किया गया।
शिविर में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना 2024 एवं खाद्य सुरक्षा अधिकार जैसी राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
इस दौरान गोरखाराम ने मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना के लिए आवेदन किया। अधिकारियों ने तुरंत मंजूरी देते हुए हाथों-हाथ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाया और उन्हें पॉलिसी जारी कर प्रदान की, जिससे उन्हें वृद्धावस्था में आर्थिक संबल मिलेगा।
शिविर सह प्रभारी अर्जुन सिंह के विशेष प्रयासों से राजस्व संबंधी कई मामले जो कई वर्षों से लंबित थे, उनका उचित निस्तारण करवाया गया। यह कार्रवाई उन काश्तकारों के लिए बड़ी राहत लेकर आई, जो लंबे समय से कानूनी जटिलताओं का सामना कर रहे थे।
लोगों के हाथों-हाथ कार्य होने पर शिविर में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया।
शिविर में विकास अधिकारी दिनेश सिंह भाटी, भू-अभिलेख निरीक्षक हनुवंतसिंह, ग्राम विकास अधिकारी दयाल चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
भाटा ग्रामीण सेवा शिविर में गोरखाराम को मिली विश्वकर्मा पेंशन, वर्षों पुराने राजस्व मामले भी निपटे
