विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026
6 हजार से अधिक मतदाताओं ने ऑनलाइन जमा किया गणना प्रपत्र
बालोतरा: जिले में 4 नवम्बर से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गणना प्रपत्र वितरण प्रारंभ हो गया है।
जिले में कुल मतदाता 8,12,266 है। जिसमें 2,85,674 मतदाता सिवाना, 2,63,310 मतदाता बायतु एवं 2,63,282 मतदाता पचपदरा विधानसभा क्षेत्र में है। जिले में 853 बूथ लेवल अधिकारियों के द्वारा सभी मतदाताओं के घर घर जाकर परिगणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रहण का कार्य जारी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुशील कुमार यादव ने बताया कि सिवाना विधानसभा के 89,836, बायतु विधानसभा के 89,565 एवं पचपदरा विधानसभा के 72,338 मतदाताओं से परिगणना प्रपत्र संग्रहित करते हुए कुल 2,29,541 गणना प्रपत्र का डिजिटाइजेशन कार्य किया गया। जिनमें 6,077 मतदाताओं के द्वारा ऑनलाईन पोर्टल के माध्यम से भरे गए।
उन्होंने बताया कि बालोतरा जिले के 76 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है। इन्हें किसी प्रकार के दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं रहेगी। उन्हें केवल गणना प्रपत्र बीएलओ के पास जमा करवाना होगा। मतदान सूची के शुद्धिकरण का यह अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान गणना प्रपत्र जमा करवाने से वंचित रहे मतदाताओं को फॉर्म 6 भरना होगा। ताकि मतदाता सूची में उनका नाम शामिल हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुशील कुमार यादव ने जिले के मतदाताओं से अपील की है कि हर योग्य मतदाता 4 दिसंबर तक अपनी एक नवीनतम रंगीन फोटो एवं आवश्यक सूचनाओं के साथ भरा हुआ गणना प्रपत्र अपने बीएलओ को जमा करा कर स्वच्छ एवं सही मतदाता सूची निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें एवं लोकतंत्र के प्रति अपने कर्तव्य का पालन करें।
