बालोतरा जिले की तहसील गिड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ने बरसों से लम्बित एक बड़े पारिवारिक विवाद को सुलझाते हुए दो भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा सफलतापूर्वक संपन्न करा दिया। इस पहल से न केवल काश्तकारों को राहत मिली है, बल्कि शिविर की उपयोगिता और राजस्व प्रशासन की सक्रियता भी उजागर हुई है।
पटवार मण्डल चिड़िया में लगे इस शिविर में पूनमाराम पुत्र जोगाराम का वर्षों पुराना बंटवारे का आवेदन प्राप्त हुआ था मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार गिड़ा विरमाराम विश्नोई के नेतृत्व में तुरंत एक राजस्व टीम गठित की गई। इस टीम में भू-अभिलेख निरीक्षक किशनसिंह शेखावत, चिड़िया पटवारी राजूसिंह, कानोड़ पटवारी हीराराम, गिड़ा मंडल अध्यक्ष देवाराम मूंढ़ और देवीसिंह जोधा शामिल थे।
राजस्व टीम ने दोनों पक्षों यानी भाइयों को समझा-बुझाकर उनके मध्य आपसी सहमति बनाने के लिए लगातार प्रयास किए। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया और दोनों भाई आपसी सहमति पर राजी हो गए उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविर में शिविर प्रभारी तहसीलदार गिड़ा के समक्ष अपनी सहमति प्रस्तुत की, जिसके बाद बरसों से रुका हुआ बंटवारा आधिकारिक रूप से पूरा हो गया।
बंटवारा होने पर दोनों भाइयों ने शिविर की उपयोगिता की दिल से सराहना की और राजस्थान सरकार, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, सहित पूरी राजस्व टीम का आभार व्यक्त किया।
