गुड़ामालानी (बाड़मेर) से डूंगराराम राजपुरोहित की रिपोर्ट –
बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के धांधलावास में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई की मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों मीरा मेमोरियल कॉलेज में बीए फाइनल ईयर का प्रैक्टिकल एग्जाम देने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गुड़ामालानी खुडाला निवासी अर्जुनराम (20) पुत्र केसाराम अपनी बहन खमा कुमारी को बाइक पर बैठाकर कॉलेज की ओर जा रहा था। इसी दौरान मेगा हाईवे पर लूणी नदी से अवैध बजरी लेकर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि सड़क पर प्रैक्टिकल फाइल और नोट्स बिखर गए।
दोनों को गंभीर हालत में गुड़ामालानी अस्पताल लाया गया, जहां से सांचौर रेफर किया गया। रास्ते में अर्जुनराम ने दम तोड़ दिया। घायल बहन खमा कुमारी का इलाज सांचौर में चल रहा है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी मनोहरलाल विश्नोई ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक अर्जुनराम बीए फाइनल का छात्र था। परिवार में तीन भाई-बहन हैं। बड़ा भाई ड्राइविंग का काम करता है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
