हाथों-हाथ मिला योजनाओं का लाभ, राजकीय भवनों को जारी हुए पट्टे, 23 को मिला पेंशन का लाभ
बालोतरा। पंचायत समिति सिवाना की ग्राम पंचायत मोतीसरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2025 ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। इस शिविर में न केवल राज्य सरकार की महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, बल्कि अधिकारियों ने मौके पर ही लोगों के कार्य हाथों-हाथ निपटाए, जिससे ग्रामीणों को त्वरित लाभ मिला।
शिविर में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना और मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना 2024 के फायदों पर विस्तार से चर्चा की गई। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना में ग्रामीणों ने विशेष रुचि दिखाई। 23 लोगों ने इस योजना में आवेदन किया, जिस पर उपस्थित अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की। तहसीलदार रायचन्द देवासी और विकास अधिकारी दिनेशसिंह भाटी ने तुरंत पोर्टल पर आवेदकों का रजिस्ट्रेशन करवाया और हाथों-हाथ पॉलिसी जारी कर सुपुर्द की। भविष्य में आर्थिक चिंता से मुक्ति मिलने पर लाभार्थियों ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान वर्षों से निर्मित राजकीय भवनों आंगनवाड़ी केंद्र मेघवालों का वास मोतीसरा, आंगनवाड़ी केंद्र जूनाखेड़ा, आंगनवाड़ी केंद्र चौधरियो का वास, पटवार भवन मोतीसरा को पट्टे जारी किए गए। जिन भवनों के पास कानूनी पट्टा नहीं था, उन्हें इस शिविर में यह कानूनी अधिकार प्राप्त हुआ। कई वर्षों से निर्मित इन भवनों को पट्टा मिलने से राजकीय संपत्तियों को कानूनी आधार मिल गया है।
ग्रामीणों के लिए वरदान बना मोतीसरा का ग्रामीण सेवा शिविर
