ऊंट संरक्षण योजना से जगरूपा राम को मिला लाभ
पंचायत समिति गिड़ा की ग्राम पंचायत सवाऊ मूलराज में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2025 पशुपालकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। शिविर में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ऊंट संरक्षण योजना के तहत लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की गई, जिसका लाभ पशुपालक जगरूपा राम को मिला।
इस अवसर पर जगरूपा राम को योजना की प्रथम किस्त प्रदान की गई
यह उल्लेखनीय है कि वह पूरी पंचायत में एकमात्र किसान हैं, जो ऊंटनी का पालन करते हैं। उनके इस परंपरागत पशुपालन को सरकार की योजना से नया प्रोत्साहन मिला है।
ऊंटपालकों को मिला आर्थिक संबल राज्य सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य ऊंटों की घटती संख्या को बचाना और पशुपालकों को आर्थिक संबल देना है। इसके अंतर्गत ऊंटों के पालन-पोषण, देखभाल तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इससे पशुपालक बिना किसी आर्थिक संकट के अपने पशुधन का संरक्षण कर सकते हैं।
लाभ प्राप्त करने के बाद जगरूपा राम ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उन्हें अपनी ऊंटनी की बेहतर देखभाल और पालन-पोषण में सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की यह योजना ऊंटपालकों के लिए नई ऊर्जा का संचार कर रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है।
शिविर में गिड़ा विकास अधिकारी खुमा राम, सहायक विकास अधिकारी नगाराम, सरपंच प्रतिनिधि रमेश कुमार, पशुधन निरीक्षक राजेंद्र कुमार तथा पदमसिंह उपस्थित रहे।
