ईआरओ सुरेंद्र सिंह खंगारोत ने स्कूल पहुंचकर थपथपाई पीठ, पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
सिणधरी से अरविंद थोरी की रिपोर्ट:-
सिणधरी/बालोतरा। निर्वाचन विभाग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सिवाना विधानसभा क्षेत्र में ‘समदड़ों का तला’ ग्राम पंचायत ने जागरूकता और कर्तव्यनिष्ठा का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। यह पंचायत सिवाना विधानसभा क्षेत्र की प्रथम ग्राम पंचायत बन गई है, जहां के सभी बीएलओ और सुपरवाइजर ने मिलकर मतदाताओं के परिगणना कार्य को शत-प्रतिशत डिजिटाइज्ड कर दिया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुशील कुमार यादव ने सभी को बधाई प्रेषित की। श्री यादव के निर्देशानुसार सिवाना के ईआरओ सुरेंद्र सिंह खंगारोत ने स्वयं टीम के बीच जाने का निर्णय लिया। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, समदड़ों का तला पहुंचकर पूरी टीम की हौसला अफजाई की।
श्री खंगारोत ने कहा कि समय सीमा से पूर्व और शत-प्रतिशत सटीकता के साथ कार्य पूर्ण करना अन्य बीएलओ और सुपरवाइजर्स के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उत्कृष्ट कार्य के लिए ईआरओ सुरेन्द्र सिंह खंगारोत ने पीईईओ रायमल सिंह, सुपरवाइजर रुखमनराम, बीएलओ रूपाराम, बीएलओ लिखमाराम, बीएलओ मूलाराम को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि में सिणधरी तहसीलदार अर्जुन सिंह चौहान एवं सिणधरी निर्वाचन टीम ने भी सहयोग करते हुए अहम भूमिका निभाई।
मतदाता सूची के शुद्धिकरण और डिजिटाइजेशन के इस कार्य में समदड़ों का तला की टीम ने तकनीकी दक्षता और मैदानी मेहनत का अद्भुत समन्वय दिखाया है।
