सिवाना से अरविंद थोरी की रिपोर्ट:-
बालोतरा। राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से मनाए जा रहे सुशासन पखवाड़ा के अंतर्गत मंगलवार को मोतीसरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक हमीर सिंह भायल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीशसिंह राजपुरोहित ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक श्री भायल ने कहा कि सुशासन पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित समाधान के सिद्धांत पर कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को योजनाओं का सीधा और समय पर लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जनसुनवाई का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
अंत में वक्ताओं ने सभी से सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। सुशासन पखवाड़ा कार्यक्रम ने मोतीसरा ग्राम पंचायत में प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करते हुए विकास की दिशा में सकारात्मक वातावरण निर्मित किया। कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास अधिकारी नरपतसिंह देवड़ा ने किया।
इस अवसर पर रथ प्रभारी गणेशाराम चौधरी, सहायक प्रभारी प्रवीण कुमार, विकास अधिकारी दिनेशसिंह भाटी, मंचासीन अतिथि रोबिनसिंह महिलावास, समाजसेवी जोगभारती, पूर्व सरपंच गिरधारीलाल चौधरी, सरपंच फतेहसिंह डाबली, उप सरपंच जोधाराम चौधरी, पीईईओ रामलाल पंवार, शिक्षाविद एवं पंचायत सदस्य पूनमाराम, रणछोड़राम भोड़, चेलाराम भोड़, पूर्व सरपंच पोलाराम चौधरी, भगाराम भील, शैतानसिंह डाबली, हुकमसिंह डाबली, ई-मित्र धारक निर्मल कुमार, कनिष्ठ सहायक रूपाराम, सुरक्षागार्ड जबराराम, सरदाराराम देवासी, वार्ड पंच हीराराम देवासी सहित पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामवासी, महिला-पुरुष एवं सैकड़ों युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
