सिवाना से अरविंद थोरी की रिपोर्ट:-
भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य पर जीएसटी बचत उत्सव व जनकल्याणकारी योजनाओ पर हुई चर्चा
बालोतरा। भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वी जयंती (जनजातीय गौरव दिवस) के उपलक्ष्य में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, सिरोही द्वारा सिवाना में दो दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ गुरूवार को हुआ। डॉ लक्ष्मी मल सिंघवी आडिटोरियम सिवाना में आयोजित यह प्रदर्शनी 07 नवम्बर तक आमजन के अवलोकनार्थ खुली रहेगी। प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ प्रधान मुकुन सिंह राजपुरोहित, उपखण्ड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत ने फीता काटकर कर किया। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित केंद्र सरकार की 11 साल की उपलब्धियों, जीएसटी बचत उत्सव और जनजातीय गौरव दिवस से संबंधित विभिन्न पैनलों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की।
याद किया भगवान बिरसा मुण्डा के योगदान
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप मे प्रधान मुकुन सिंह राजपुरोहित ने कार्यक्रम में उपस्थित आमजन एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होने इस प्रदर्शनी कार्यक्रम को आमजन के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि आप इस प्रदर्शनी के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओ की जानकारी लेकर अधिक से अधिक लाभ लेवे।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिवस का उद्देश्य जनजातीय समुदायों के योगदान और संस्कृति को सम्मान देना है। उन्होने सिवाना के आमजन को इस प्रदर्शनी का अधिक से अधिक अवलोकन कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओ का लाभ लेने की अपील की।
बाल विकास परियोजना अधिकारी भीमाराम बारूपाल ने प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना एवं विभागीय योजनाओ की जानकारी प्रदान की। उन्होने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्रमुख प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान मे केंद्र व राज्य सरकारें महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं, जिससे देश में महिलाओं की स्थिति बेहतर और सुदृढ़ हो रही है।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, सिरोही के प्रभारी फूलचन्द गहलोत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रदर्शनी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने जीएसटी सुधार 2.0, जनजातीय गौरव दिवस, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व साईबर क्राईम से बचाव पर जानकारी दी। भारतीय स्टैट बैंक के वित्तीय साक्षरता केन्द्र के यूनिस खान ने बैंकिंग योजनाओ के बारे मे जानकारी प्रदान की। सहायक कृषि अधिकारी झबरा राम गोयल ने प्रधानमंत्री सिंचाई परियोजना एवं जल संरक्षण हेतु खेतोलाई अनुदान राशि, मिनी बीज किट वितरण, बागवानी अनुदान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे मे जानकारी प्रदान की। मुख्य ब्लॉंक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार ने मिड डे मिल, वाउचर, लाडो प्रोत्साहन, साईकिल एवं स्कूटी वितरण योजना के बारे मे जानकारी प्रदान की। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, डूंगरपुर प्रभारी नरेश कुमार बैरवा ने आपरेशन सिंदूर, मिशन लाईफ, वंदे भारत ट्रेन सेवा, अमृत भारत स्टेशन के बारे मे जानकारी दी। बैरवा ने कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन किया।
प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी के दौरान जीएसटी बचत उत्सव, जनजातीय गौरव दिवस एवं जन-कल्याणकारी योजना आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान लोक कला मण्डल, बाडमेर द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सबका साथ हो, सबका विकास हो, मन मे विश्वास हो गीत के माध्यम से सरकारी योजनाओं का संदेश दिया।
रैली का हुआ आयोजन
प्रदर्शनी के उद्घाटन से पुर्व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से डॉ लक्ष्मीमल सिंघवी आडिटोरियम तक सरकार के 11 वर्ष की उपलब्धियो पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को प्रधानाचार्य अनिल कुमार सोनी, एवं जिला परिषद सदस्य बबरी कंवर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत खाखरलाई के प्रशासक देवाराम चौधरी, रूगाराम चौधरी, मनोहर सिंह भायल, जब्बर सिंह इत्यादि उपस्थित रहे। प्रदर्शनी स्थल पर डाक विभाग, बैंक व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के द्वारा स्टॉंल लगाई गई। प्रदर्शनी के प्रथम दिवस मे राजकीय उच्च माध्यमिक विधालय, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विधालय, राजू बाल निकेतन उच्च माध्यमिक विधालय के छात्र-छात्राओ, ऑंगनवाडी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण पुरूष – महिलाओ ने अवलाकन किया।
सिवाना में दो दिवसीय जनकल्याणकारी योजनाओ पर मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का हुआ शुभारम्भ
