सिवाना से अरविंद थोरी की रिपोर्ट:-
बालोतरा। सिवाना विधानसभा क्षेत्र में राजस्थान सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जन कल्याणकारी घोषणाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए विकास रथ का भ्रमण जारी है। इसी क्रम में आज 15 दिसंबर को, विकास रथ समदड़ी पंचायत समिति के गांव रानीदेशीपुरा, खेजड़ीयाली, रामपुरा, अजीत और भालरों का वाड़ा पहुंचा, जहां स्थानीय लोगों द्वारा विधायक हमीर सिंह भायल का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने अपने संबोधन की शुरुआत में आज के विशेष अवसर पर सभी को बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि आज हमारे कर्मयोगी, यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजन लाल जी का 59वां जन्मदिन है। विधायक भायल ने सिवाना विधानसभा क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से मुख्यमंत्री महोदय को खूब-खूब बधाई दी और उनकी लंबी आयु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
विधायक श्री भायल ने विकास रथ में लगी बड़ी टीवी स्क्रीन के माध्यम से सभी लोगों को विकास कार्यों से अवगत करवाया। उन्होंने सरकार के 2 वर्ष के कार्यकाल में हुए कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल जी की सरकार ने इन दो वर्षों में जनता के हितों के लिए कई जन कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की है, जिन्हें प्राथमिकता से धरातल पर भी उतारा गया है।
भ्रमण के दौरान, समदड़ी पंचायत समिति के सभी गांवों में लोगों ने विधायक के सामने अपनी सबसे बड़ी समस्या लूणी नदी में आ रहे प्रदूषित पानी को रखा। किसानों ने बताया कि प्रदूषित पानी के कारण उनके कुओं का पानी खराब हो गया है, जिससे किसान वर्ग दुखी है। लोगों ने विधायक को विभिन्न स्थानों पर ज्ञापन सौंपे और सुझाव पेटी में भी अपने-अपने सुझाव डाले।
इससे पूर्व, आज मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर विधायक श्री भायल ने श्री मँछ गुरु गोशाला में जाकर गुड़ और हरा चारा वितरित किया। उन्होंने गो-सेवा करके मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। प्रदेश भाजपा के दिशा निर्देशानुसार चल रहे सेवा पखवाड़े के अंतर्गत भी यह गो-सेवा पुण्य कार्य किया गया।
विकास रथ के साथ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा मंडल समदड़ी मंडल अध्यक्ष देवेंद्र जी, पूर्व प्रधान संतोष जीनगर, सभी ग्राम पंचायतों के प्रशासक, सरपंच और वार्ड पंच, पंचायत समिति समदड़ी के पूर्व सदस्यों सहित बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे।
राजस्थान सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल जन कल्याणकारी घोषणाओं का पिटारा है- हमीर सिंह भायल
