“रन फॉर ज़ीरो हंगर” एक मानवीय पहल: चांदावत
बाड़मेर। बाड़मेर में गुरुवार को वेदांता पिंक सिटी हॉफ मैराथन के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने और अधिकाधिक लोगों को इस आयोजन से जोड़ने के उद्देश्य से एक उत्साहपूर्ण प्रोमो रन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय युवाओं और एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए फिटनेस, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट संदेश दिया।
गवर्नमेंट पीजी कॉलेज कैंपस में आयोजित प्रोमो रन में युवाओं और खेल प्रेमियों ने ऊर्जा और जोश के साथ शामिल होकर वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन का समर्थन किया। मैराथन का उद्देश्य देश में कुपोषण को समाप्त करने की दिशा में जन जागरूकता बढ़ाना है, जिसे “रन फॉर ज़ीरो हंगर” के संदेश के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाड़मेर के अतिरिक्त जिला कलक्टर और मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह राजेंद्र सिंह चांदावत ने रन फॉर ज़ीरो हंगर” को एक मानवीय प्रेरणादायी पहल बताते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज को एक नई और सकारात्मक दिशा देते है। एडीएम ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को कहा कि यह दौड़ ना सिर्फ हमारे व्यक्तिगत स्वास्थ्य से जुड़ी है पर “रन फॉर ज़ीरो हंगर” थीम के साथ जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने में सहायक होगी। इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य संदीप रांकावत ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और समाज सेवा के प्रति प्रेरित करते हैं और सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं। जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता कैलाश कुमार ने कहा कि वेदांता की यह पहल स्वास्थ्य के साथ समाज सेवा की दोहरी भूमिका अदा कर रही है। ऐसी पहल हमे प्रेरणा देती है कि जब कंपनियां स्वास्थ्य और सामाजिक सरकारों को लेकर इतनी सजग है, ऐसी स्थिति में समाज के नागरिक के नाते हमारी जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण बन जाती है।
केयर्न के हेड सिक्योरिटी कर्नल राहुल शर्मा ने भी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एक सजग नागरिक ही समृद्ध देश की नींव रखता है।
केयर्न के हेड स्टेक होल्डर रिलेशन अयोध्या प्रसाद गौड़ ने कार्यक्रम के जानकारी देते हुए कहा कि इस मैराथन का उद्देश्य देशभर में कुपोषण की समस्या के प्रति जागरूकता फैलाना है। केयर्न के सीएसआर हेड विशाल अग्रवाल ने सफल आयोजन के लिए एनसीसी दल, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। अधिकारियों ने बाड़मेर के युवाओं और खेल प्रेमियों से 30 नवम्बर को जयपुर में आयोजित होने वाली वेदांता पिंक सिटी हॉफ मैराथन में हिस्सा लेने की अपील की, ताकि सामाजिक उद्देश्य को और अधिक मजबूती मिल सके। इस प्रतियोगिता के परिणाम उत्साहजनक रहे। बालिका वर्ग में भावना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान ममता पुत्री भूराराम के नाम रहा और तृतीय स्थान ममता ने हासिल किया। बालक वर्ग में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें नरेश देवासी प्रथम स्थान पर रहे, उम्मेद देवासी ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा अशोक कुमार तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का संचालन करण चौधरी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीएम बाड़मेर राजेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। उनके साथ इस अवसर पर पीजी कॉलेज के कैप्टन आदर्श किशोर, माधव कॉलेज के विजय, मुकेश मथरानी, भारत प्रकाश और पुलकित उपस्थित रहे।
वेदांता पिंक सिटी मैराथन के लिए बाड़मेर में प्रोमो रन आयोजित
